सूर्य के सबसे निकट पर्वत शिखर चिंबोराजो
इक्वेडोर दक्षिण अमेरिका महाद्वीप में स्थित एक देश है, जो अपनी विविधता और अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है।
इक्वेडोर की राजधानी क्विटो है, जो लैटिन अमेरिका के सबसे अच्छी तरह से संरक्षित औपनिवेशिक केंद्रों में से एक है।
देश की आधिकारिक भाषा स्पेनिश है, लेकिन कई लोग क्वेशुआ और अन्य अमेरिंडियन भाषाएं भी बोलते हैं।इक्वेडोर की मुद्रा अमेरिकी डॉलर है।
यह देश विश्व के शीर्ष केला निर्यातक देशों में से एक है, जो वैश्विक केला निर्यात का 25% से अधिक है।
इस देश की बड़ी खूबी यह है कि यह देश पृथ्वी के दो गोलार्ध के ठीक बीच की रेखा पर स्थित है, जिस रेखा को हम "इक्वेटर" यानी भूमध्यरेखा के नाम से जानते हैं। इसी विशेषता के कारण यहां स्थित पर्वत चिंबोराजो के शिखर का अलग महत्व है।
चिंबोराजो एक सक्रिय ज्वालामुखी है, जो अपनी अद्वितीय भौगोलिक स्थिति के कारण पृथ्वी के केंद्र से सबसे दूर और सूर्य के सबसे निकट है। इसकी ऊंचाई 6,263 मीटर है, जो इसे एंडीज पर्वतमाला की सबसे ऊंची चोटी बनाती है । यद्यपि हिमालय पर्वत की एवरेस्ट सहित अनेक चोटियां समुद्र तल से 8000 मीटर से भी अधिक ऊंची हैं लेकिन भूमध्य रेखा पर होने तथा पृथ्वी के केंद्र बिंदु से सबसे दूर होने के कारण चिंबोराजो सूर्य से सबसे करीब स्थित होने का खिताब अर्जित करता है। कुछ वैज्ञानिक तो अभी भी दावा करते हैं कि इसकी असली ऊंचाई अब तक नापी नहीं जा सकी है। चिंबोराजो की जलवायु ठंडी और शुष्क है, जिसमें तापमान -20°C से 10°C तक रहता है। यहां वनस्पति और जीव-जंतु में देवदार, चीड़ के पेड़ और विभिन्न प्रकार के जंगली जीव पाए जाते हैं, इक्वाडोर के वन्यजीवों में एंडियन चश्माधारी भालू, प्यूमा, ओसेलॉट, जगुआर, टैपिर, विभिन्न प्रकार के बंदर, स्लॉथ और गुलाबी नदी डॉल्फ़िन शामिल हैं। यहां की वनस्पति में एंडीज पर्वतों के बादल वन, अमेज़ॅन वर्षावन के कपोक और सीबा जैसे ऊंचे पेड़, ऑर्किड और फ़र्न जैसे पौधे शामिल हैं। यह एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, जहां लोग ट्रेकिंग, स्कीइंग और अन्य एडवेंचर गतिविधियों के लिए भी आते हैं ।
पिछले दिनों हमने नोमेडिक टूर चैनल के हमारे प्रिय ट्रैवल ब्लॉगर तौरवासु के इक्वेडोर यात्रा के कई यूट्यूब पर वीडियो देखे। खासतौर से चिंबोराजा पर्वत के शिखर की ओर जोखिम पूर्ण उनके पैदल भ्रमण ने हमें हतप्रभ कर दिया। वीडियो देखते हुए जो कुछ रोमांच का आभासी अनुभव किया वह सचमुच रोंगटे खड़े कर देता है। कठिन यात्रा करते तौरवशु के पांव कांप रहे थे, चेहरा रक्ताभ हो रहा था, सांसे लड़खड़ा रहीं थी, नाक और मुंह से रक्त सा रिसता नजर आ रहा था। एक पैर को चट्टान पर रखते तो उसमें कंपन को कैमरे पर शूट भी कर रहे थे। शरीर खासतौर पर खुले हिस्सों पर तेज और प्रभावी स्किन क्रीम लगाकर अधिक शक्तिशाली सनग्लासेस लगाने के बावजूद उनकी परेशानियों को महसूस करना सचमुच झकझोर रहा था। आगे बढ़ने पर बीच में कई कब्रगाह आए जिनमें सैकड़ों पर्वतारोहियों की कब्रें निश्चित ही पर्यटकों को भयभीत कर रही थीं।
इसके अलावा इक्वेडोर में घूमने के लिए कई आकर्षक स्थल हैं, जिनमें से गैलापागोस द्वीप समूह, क्विटो का ऐतिहासिक केंद्र, और कुएंका शहर प्रमुख हैं।
गैलापागोस द्वीप समूह एक यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है, जो अपनी अनोखी जैव विविधता और ज्वालामुखीय परिदृश्य के लिए प्रसिद्ध है।
इक्वेडोर का अमेज़न वर्षावन पृथ्वी के सबसे जैव विविध क्षेत्रों में से एक है, जिसमें कुयाबेनो वन्यजीव रिजर्व और यासुनी राष्ट्रीय उद्यान जैसे संरक्षित क्षेत्र हैं।
ब्लॉगर तौरवशु ने अपने कैमरे से उन जोखिमपूर्ण लेकिन खूबसूरत दृश्यों को भारी थकान और संघर्ष करते हुए दर्शकों के लिए खूबसूरती से प्रस्तुत कर एक नए अनुभव का अहसास करा दिया।
ब्रजेश कानूनगो
No comments:
Post a Comment