बादलों की तरह आकृतियां बनाती चोटियाँ
बचपन के दिनों में गर्मियों की रात को जब हम खुली छत पर सोने जाते तो दिन अस्त होने के पहले आकाश में छाए बादलों में अनेक आकृतियों की कल्पना करके असीम आनंद से भर जाते थे। बादलों में कभी कोई पक्षी दिखता तो कभी हाथी, बंदर या मनुष्य की छवि नजर आती थी। हम सब के लिए यह बहुत रोमांच और कुतुहल के दृश्य होते थे। ऐसी ही कुछ अनुभूति अफ्रीका के बुर्किना फासो के लेराबा प्रांत में स्थित सिंदौ की चोटियाँ (Peaks of Sindou) देखकर होने लगती है। ट्रैवलर दाऊद अखुनजादा के वीडियो के जरिए हमने इस इलाके की आभासी सैर करते हुए महसूस किया कि देखने में ये किसी "पत्थरों के जंगल" या किसी काल्पनिक शहर की मीनारों जैसी लगती हैं। किंतु जब हम इन चोटियों को देखने में अपनी कल्पनाशीलता को भी जोड़ लेते हैं तो इनमें कई मानव आकृतियां दिखाई देने लगती हैं। किसी चोटी में हैट लगाए कोई पुरुष दिखता है तो किसी में शिशु को उठाए कोई माँ दिखाई देने लगती है।
सिंदौ की चोटियाँ (Peaks of Sindou) दुनिया के सबसे अद्भुत और सुंदर भूवैज्ञानिक संरचनाओं में से एक हैं। यह स्थान न केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि इसका सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व भी बहुत गहरा है।ये चोटियाँ मुख्य रूप से बलुआ पत्थर (Sandstone) से बनी हैं। लाखों वर्षों तक हवा और बारिश के कारण हुए कटाव (Erosion) ने इन चट्टानों को नुकीले स्तंभों, गुंबदों और अजीबोगरीब आकृतियों में बदल दिया है। इनका रंग समय और धूप के अनुसार बदलता रहता है, जिससे भिन्न समय में भिन्न कोण से इनका अलग सौंदर्य नजर आने लगता है।
दरअसल ,प्रकृति एक अद्भुत कलाकार है, जो हवा, पानी और समय के मेल से पत्थरों को तराश कर ऐसी कृतियाँ बना देती है जिन्हें देखकर मानवीय वास्तुकला भी फीकी लगने लगती है। भौगोलिक रूप से इस प्रक्रिया को अपक्षय (Weathering) और अपरदन (Erosion) कहा जाता है। दुनिया में ऐसी कुछ प्रमुख संरचनाओं पर नजर डालें तो इनमें अमेरिका के एरिजोना (संयुक्त राज्य अमेरिका) में ग्रैंड कैनयन, नदी द्वारा किए गए कटाव का सबसे भव्य उदाहरण है। करोड़ों वर्षों तक कोलोराडो नदी के बहाव ने चट्टानों को काटकर इस दर्शनीय और अद्भुत विशाल घाटी का निर्माण किया है। यहाँ की चट्टानें पृथ्वी के भूगर्भीय इतिहास के लगभग 2 अरब साल पुराने रहस्यों को संजोए हुए हैं। इसकी गहराई 1.8 किमी तक है। यह अपनी अद्भुत लाल परतों और विशालता के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ हाइकिंग और रिवर राफ्टिंग काफी लोकप्रिय है। इसी तरह तुर्की के अनातोलिया स्थित कप्पाडोसिया(Cappadocia) के अजीबोगरीब 'फेयरी चिमनी' (Fairy Chimneys) और गुफाएँ ज्वालामुखी विस्फोट के बाद हवा और बारिश के कटाव से बनी हैं। यहाँ की नरम 'टफ' चट्टानें आसानी से कट जाती हैं।यह ज्वालामुखी राख (Soft Tuff) और ऊपर की कठोर चट्टानों के असमान कटाव का परिणाम है।यह जगह अपने हॉट एयर बैलून राइड और जमीन के नीचे बसे प्राचीन शहरों के लिए मशहूर है। एरिजोना-यूटा सीमा, अमेरिका में द वेव (The Wave) लहरों के आकार की अद्भुत चट्टानी संरचना है जो सैंडस्टोन (बलुआ पत्थर) पर हवा के कटाव (Wind Erosion) के कारण बनी है। यहाँ की धारियां जुरासिक काल के दौरान रेत के टीलों के जमा होने और फिर हवा द्वारा उन्हें तराशने से बनी हैं।इसकी संवेदनशीलता के कारण यहाँ जाने के लिए लॉटरी सिस्टम से बहुत कम परमिट दिए जाते हैं। चीन के हुनान प्रांत में स्थित जांगजियाजी नेशनल फॉरेस्ट पार्क (Zhangjiajie) जिससे प्रसिद्ध फिल्म 'अवतार' के पहाड़ों की प्रेरणा से ली गई है। ये ऊंचे स्तंभ जैसे पहाड़ पानी के कटाव और पौधों की जड़ों के फैलाव के कारण बने हैं। ये क्वार्ट्ज सैंडस्टोन के स्तंभ लाखों वर्षों के भौतिक कटाव का परिणाम हैं। यहाँ दुनिया का सबसे ऊंचा आउटडोर लिफ्ट और कांच का पुल सैलानियों के आकर्षण का केंद्र है। उत्तरी आयरलैंड में जाइंट्स कॉजवे (Giant's Causeway) पर समुद्र की लहरों और ज्वालामुखी क्रिया के मेल से यहाँ लगभग 40,000 षट्कोणीय (Hexagonal) बेसाल्ट स्तंभ बने हैं। यह ज्वालामुखी फटने के बाद लावा के तेजी से ठंडा होकर सिकुड़ने से बनी अनोखी ज्यामितीय संरचनाएं हैं।इसे यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल का दर्जा प्राप्त है और यह अपनी रहस्यमयी सुंदरता के लिए जाना जाता है।
इन्हीं अनोखी प्राकृतिक संरचनाओं के क्रम में सिंदौ की चोटियाँ भी अपना बहुत महत्व रखती हैं। बुर्किना फासो के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से यह एक है। स्थानीय सेनुफो (Senufo) लोगों के लिए यह स्थान अत्यंत पवित्र है। प्राचीन काल में, ये ऊँची और टेढ़ी-मेढ़ी चोटियाँ आक्रमणकारियों से बचने के लिए एक प्राकृतिक सुरक्षा दीवार का काम करती थीं।आज भी, स्थानीय लोग यहाँ अपने पूर्वजों का सम्मान करने और विशेष धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए आते हैं। गाँव के कुछ हिस्से पर्यटकों के लिए प्रतिबंधित हैं क्योंकि वे पवित्र माने जाते हैं।
बुर्किना फासो के सिंदौ शहर के बहुत करीब और 'बन्फोरा' (Banfora) शहर से लगभग 50 किमी की दूरी पर स्थित इस जगह पर्यटकों के लिए पैदल चलने के रास्ते बने हुए हैं। ट्रैवलर के वीडियो में हमने देखा कि चोटियों के बीच से गुजरना एक भूलभुलैया में चलने जैसा अनुभव देता है। यहाँ से सूर्यास्त का नजारा अद्भुत होता है, जब ढलती धूप चट्टानों को सुनहरा और नारंगी रंग देती है। स्थानीय कहानियों के अनुसार, ये चट्टानें आज भी "जीवित" मानी जाती हैं और विश्वास किया जाता है कि ये अनोखी चोटियाँ गांव की रक्षा करती हैं। ये ऐसी रोमांचक और अद्भुत चट्टाने हैं जिन्हें देखकर बादलों की तरह ही भिन्न आकृतियां इनमें खोजी जा सकती हैं।
ब्रजेश कानूनगो
No comments:
Post a Comment