Thursday, 22 January 2026

ग्रीनलैंड : प्रकृति के सौंदर्य कि मनोहारी खिड़की

ग्रीनलैंड : प्रकृति के सौंदर्य कि मनोहारी खिड़की

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग्रीनलैंड को प्राप्त करने की इच्छा के कारण हाल ही में ग्रीनलैंड ने विश्व का ध्यान अपनी ओर खींचा है।   ग्रीनलैंड में बड़ी मात्रा में खनिज, तेल और  प्राकृतिक संसाधन हैं, जो इसके महत्व को बड़ा देते हैं। ग्रीनलैंड अपनी आंतरिक सरकार और संसद के साथ एक स्वायत्त राज्य है। ग्रीनलैंड की अपनी सरकार और संसद स्थानीय मामलों का प्रबंधन करती है, जबकि डेनमार्क सरकार ग्रीनलैंड के विदेशी मामलों, रक्षा, और नागरिकता जैसे क्षेत्रों के लिए जिम्मेदार होती है।

ग्रीनलैंड  महाद्वीप नहीं है किंतु दुनिया का सबसे बड़ा द्वीप है।  ग्रीनलैंड का क्षेत्रफल लगभग 2,166,086 वर्ग किलोमीटर है, जबकि भारत का क्षेत्रफल लगभग 3,166,414 वर्ग किलोमीटर है। इस प्रकार, ग्रीनलैंड भारत से लगभग 1.5 गुना छोटा है। छोटा होने के बावजूद मर्केटर प्रोजेक्शन के कारण जिसमें जो देश भूमध्य रेखा से जितना दूर होता है, मानचित्र में वह उतना बड़ा दिखाई देता है, ग्रीनलैंड भारत की तुलना में भूमध्य रेखा से अधिक दूर है इसलिए वह विश्व मानचित्र में भारत से बड़ा दिखाई देता है।

यह दुनिया का सबसे विरल जनसंख्या वाला देश है, जिसकी आबादी लगभग 56,500 है, जिनमें से 88% ग्रीनलैंडिक इनुइट है। ग्रीनलैंड आर्कटिक महासागर में स्थित है, जो उत्तर में आर्कटिक महासागर, पूर्व में ग्रीनलैंड सागर, दक्षिण-पूर्व में उत्तरी अटलांटिक महासागर, दक्षिण-पश्चिम में डेविस स्ट्रेट, पश्चिम में बाफिन बे, और उत्तर-पश्चिम में नारेस स्ट्रेट और लिन्कन सागर से घिरा हुआ है।

ग्रीनलैंड की संस्कृति में इनुइट परंपराओं और स्कैंडिनेवियन प्रभावों का मिश्रण है। यहां के लोग मुख्य रूप से ग्रीनलैंडिक इनुइट हैं, जो अपनी भाषा, कला, और परंपराओं को संरक्षित रखते हैं। यहां की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से मछली पकड़ने और खनन पर आधारित है। मछली प्रसंस्करण, खनन के अलावा पर्यटन भी ग्रीनलैंड की अर्थव्यवस्था का आधार बना है। एक ट्रेवल ब्लॉगर नवांकुर चौधरी जो यात्री डॉक्टर के नाम से यूट्यूब चैनल चलाते हैं उनके वीडियोस के जरिए हमने ग्रीनलैंड की आभासी सैर की और बहुत सी जानकारियां भी जुटाईं।

ग्रीनलैंड में पर्यटन एक बढ़ता हुआ उद्योग है, जो मुख्य रूप से गर्मियों के मौसम में चलता है। यहां के मुख्य पर्यटन स्थलों में नुुक, इलुलिस्साट, और कांगेरलुसुआक शामिल हैं। पर्यटक यहां के प्राकृतिक सौंदर्य, इनुइट संस्कृति और अद्वितीय अनुभवों का आनंद लेते हैं।

आर्कटिक क्षेत्र में स्थित होने के कारण ग्रीनलैंड का मौसम बहुत ठंडा और शुष्क है। ग्रीनलैंड में मौसम के चार चरण होते हैं, शीतकाल जो दिसंबर से फरवरी तक रहता है और सबसे ठंडा होता है, जब तापमान -50°C से -60°C तक गिर जाता है। मार्च से मई तक वसंत में मौसम गर्म होने लगता है, जब तापमान 0°C से 10°C तक रहता है। जून से अगस्त तक के  ग्रीष्मकाल में मौसम गर्म हो जाता है  जब तापमान 10°C से 20°C तक रहता है। हमारे देश की तुलना में तो वह बहुत ही कम है। शरद काल जो सितंबर से नवंबर तक माना गया है तब मौसम ठंडा होने लगता है और तापमान 0°C से -10°C तक पहुंचने लगता है।

ग्रीनलैंड में दिन और रात की अवधि मौसम के अनुसार बदलती रहती है। गर्मियों में, जब सूर्य उत्तर ध्रुव के ऊपर रहता है, तो यहां 24 घंटे दिन रहता है, जिसे "मिडनाइट सन" कहा जाता है। सर्दियों में, जब सूर्य दक्षिण ध्रुव के नीचे रहता है, तो यहां 24 घंटे रात रहती है, जिसे "पोलर नाइट" कहा जाता है। ट्रैवलर के वीडियो में हमने न समाप्त होने वाले एक पूरे दिन में वहां के खूबसूरत नजारों को देखा।

ग्रीनलैंड में कई रोमांचक पर्यटन गतिविधियाँ की जा सकती हैं।  इलुलिस्साट आइसफजॉर्ड  एक यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है, जहां के ग्लेशियर और आइसबर्ग  मन मोह लेते हैं। यहां के सुंदर प्राकृतिक दृश्य एक अलग ही स्वप्निल संसार में ले जाते हैं।  ग्रीनलैंड में डॉग स्लेडिंग एक लोकप्रिय गतिविधि है, जिसमें पर्यटक हुस्की के साथ बर्फ पर चल सकते हैं। ग्रीनलैंड के फजॉर्ड्स में कायाकिंग करना एक अनोखा अनुभव है। ग्रीनलैंड में कई हाइकिंग ट्रेल्स हैं, जिनमें प्रकृति का आनंद उठाते पर्यटकों देखा जा सकता है। यहां आकाश में नॉर्दर्न लाइट्स देखना भी एक रोमांचक अनुभव होता है।

इस देश में यातायात व्यवस्था मुख्य रूप से हवाई और जल परिवहन पर आधारित है।  ग्रीनलैंड में 25 हवाई अड्डे हैं, जिनमें से अधिकांश छोटे हैं। तटीय क्षेत्रों  के लिए फेरी सेवाएं उपलब्ध रहतीं हैं। में चलती है। छोटे गांवों तक पहुंचने के लिए  हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जाता है। कुछ खास जगहों पर डॉग स्लेड और स्नोमोबाइल भी यातायात के साधन होते हैं।

ग्रीनलैंड में प्राकृतिक संसाधनों की बहुतायत है, जिनमें रेअर अर्थ एलिमेंट्स, यूरेनियम, सोना, और तेल शामिल हैं। इसके अलावा, ग्रीनलैंड का स्थान अमेरिका और यूरोप के बीच एक महत्वपूर्ण मार्ग है,जो व्यापार और सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। यही कारण है कि अमेरिका ग्रीनलैंड को प्राप्त करना चाहता है क्योंकि यह एक रणनीतिक स्थान है जो आर्कटिक क्षेत्र में उसके हितों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। वर्तमान विवाद और संदर्भों से अलग हटकर ग्रीनलैंड की बात करें तो वह इस पृथ्वी के सौंदर्य की एक ऐसी अनोखी खिड़की है जहां से प्रकृति के सुंदर नजारे आम लोगों और पर्यटकों को आनंदित कर देते हैं।

ब्रजेश कानूनगो


No comments:

Post a Comment

बोझिल भविष्य में सुख देंगी कलाएं

बोझिल भविष्य में सुख देंगी कलाएं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और प्रौद्योगिकी में हम जिस तेजी से आगे बढ़ रहे हैं इससे लगता है कि दुनिया भर के,ह...